भारत इंफो : पंजाब के अमृतसर जिले में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां दोस्तों ने ही दो सगे भाइयों पर गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मामूली बहस के बाद चली गोलियां
जानकारी के अनुसार, यह घटना मामूली बहसबाजी के बाद हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर दोनों भाइयों पर फायरिंग कर दी।
गांव बल कलां के स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश को लेकर मंगलवार शाम गांव के जंज घर में दोनों पक्ष इकट्ठा हुए थे। शुरुआत में बातचीत होती रही, लेकिन कुछ देर बाद विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
एक भाई की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती
फायरिंग के दौरान सगे भाइयों में से सिमरनजीत के सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे भाई काबल सिंह के पैर में गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सिमरनजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि काबल सिंह का इलाज जारी है।
सभी आरोपी एक ही मोहल्ले के रहने वाले
पुलिस के अनुसार, इस घटना में शामिल सभी लोग एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। किसी बात को लेकर पहले बहस हुई और बाद में दोनों गुट एक जगह इकट्ठा हुए, जहां फायरिंग की घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।