Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 38°C
Breaking News

जालंधर में कोहरे का कहर : रेलवे लाइन के पास पलटा ट्रक, गेटमैन बाल-बाल बचा

भारत इंफो : जालंधर के फिल्लौर क्षेत्र में घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नूरमहल रोड पर हरिपुर फाटक के पास गाजरों से भरा एक ट्रक रेलवे लाइनों की दीवार से टकराकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि रेलवे की दीवार टूट गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर मौजूद गेटमैन का कमरा सुरक्षित रहा और गेटमैन बाल-बाल बच गया।

घने कोहरे के कारण हुआ हादसा
हादसे की जानकारी देते हुए रत्न ने बताया कि ट्रक सुल्तानपुर से गाजर लोड कर दिल्ली की ओर जा रहा था। सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे ट्रक चालक महेश को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर रेलवे लाइन की दीवार से टकरा गया और पलट गया। ट्रक में चालक समेत दो लोग सवार थे, जिन्हें इस हादसे में कोई गंभीर चोट नहीं आई।

रेलवे दीवार और सिग्नल को हुआ नुकसान
ट्रक के पलटने से रेलवे की दीवार पूरी तरह टूट गई। इसके साथ ही रेलवे सिग्नल को भी नुकसान पहुंचा, जिससे हरिपुर फाटक पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। रेलवे लाइन के पास हादसा होने के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम
घटना के बाद रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को सीधा करने की कोशिश की गई, लेकिन ट्रक में लदा भारी माल होने के कारण उसे हटाया नहीं जा सका। इसके चलते फाटक पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग मौके पर पहुंचा और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *