भारत इंफो : पंजाब और चंडीगढ़ में बुधवार को घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए घने कोहरे और हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर
कोहरे के कारण कई जगहों पर दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई। इसका सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा, वहीं ट्रेनों और उड़ानों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
1 जनवरी तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और चंडीगढ़ में 1 जनवरी तक बारिश की संभावना बनी हुई है। यह मौसम परिवर्तन पहाड़ी इलाकों में सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण हो रहा है। राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में घने कोहरे का खतरा
मौसम विभाग ने बताया कि गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।
कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका
फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
अन्य जिलों में भी बारिश के आसार
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में कोल्ड वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में तीन दिनों के लिए कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। कुल्लू, मंडी और शिमला में आज कोल्ड वेव की चेतावनी दी गई है। वहीं कल ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में ठंड का असर और बढ़ सकता है। सोलन और सिरमौर में आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 5 जनवरी को एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में दोबारा बर्फबारी हो सकती है।