भारत इंफो : पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित ISI नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों साजन मसीह और मनीष बेदी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। मनीष बेदी अमृतसर का निवासी है, जबकि साजन मसीह पठानकोट का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों की गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
दुबई से आर्मेनिया तक बदलते रहे ठिकाने
डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, दोनों आरोपी पहले दुबई में सक्रिय थे, जहां से वे बाद में आर्मेनिया शिफ्ट हो गए। इसके बाद उन्होंने कई देशों में लगातार अपने ठिकाने बदले, ताकि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ से बच सकें। बावजूद इसके, पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से एक विशेष ऑपरेशन चलाया गया और दोनों को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया।
Major crackdown on terrorism and organised crime, two gangster-turned-terrorists arrested.
They were operating from overseas locations, including #Dubai and #Armenia, while attempting to orchestrate criminal and terror activities in #Punjab. pic.twitter.com/Rm2FUwHkWp
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) December 15, 2025
ISI हैंडलर के सीधे संपर्क में थे आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर हरविंदर रिंदा और अमेरिका में बैठे हैप्पी पासीया के संपर्क में थे। आरोपियों की भूमिका आर्म्स सप्लाई, मर्डर और अन्य संगीन आपराधिक गतिविधियों में सामने आई है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही है।
डीजीपी का सख्त संदेश
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह कार्रवाई विदेशों में बैठकर भारत में अपराध फैलाने वालों के लिए कड़ा संदेश है। कानून से भागने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जहां भी छिपे होंगे, वहां से पकड़कर लाया जाएगा।
गैंगस्टर शमशेर शेरा पर भी शिकंजा कसने की तैयारी
इस मामले में तीसरे आरोपी कुख्यात गैंगस्टर शमशेर उर्फ शेरा पर भी कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि शेरा आर्मेनिया से आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।