loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 40°C
Breaking News

DGCA का बड़ा एक्शन, इंडिगो एयरलाइन के 4 अधिकारी सस्पेंड

भारत इंफो :देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में जारी फ्लाइट कैंसिलेशन के संकट के बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की है। उड़ानों में लगातार आ रही बाधा और नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए नियामक ने एयरलाइन के चार फ्लाइट ऑपरेशन इंस्पेक्टरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन अधिकारियों पर सुरक्षा मानकों और ऑपरेशनल नियमों में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है।

CEO पीटर एल्बर्स से जवाब-तलब जारी

प्रशासनिक कार्रवाई के साथ ही इंडिगो के शीर्ष नेतृत्व पर भी दबाव बढ़ गया है। एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स आज लगातार दूसरे दिन DGCA के अधिकारियों के सामने पेश होंगे। इससे पहले गुरुवार को भी पीटर एल्बर्स से करीब दो घंटे तक गहन पूछताछ की गई थी। उस दौरान अधिकारियों ने उनसे फ्लाइट ऑपरेशंस में आई गड़बड़ी, क्रू मैनेजमेंट की विफलता, यात्रियों के रिफंड और मुआवजे से जुड़े सवालों पर स्पष्टीकरण मांगा था।

बेंगलुरु में आज भी थमे विमान

प्रशासनिक सख्ती के बावजूद जमीनी स्तर पर यात्रियों की परेशानी कम होती नहीं दिख रही है। शुक्रवार को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इंडिगो की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं और कुल 54 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें दूसरे शहरों से आने वाली 31 फ्लाइट्स और बेंगलुरु से जाने वाली 23 फ्लाइट्स शामिल हैं। इससे एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कुल 200 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई थीं, जिसके कारण हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *