1 दिसंबर से लागू होगा नया आदेश; गोरखा राइफल्स की पारंपरिक टोपी, स्पेशल फोर्सेज की मैरून बेरेट और आर्मर्ड रेजिमेंट की काली बेरेट की होगी वापसी
भारत इंफो, नई दिल्ली
भारतीय सेना ने वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी को लेकर वर्ष 2023 में लागू किए गए एकरूपता के आदेश को वापस लेने का फैसला किया है। अब ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के रैंक के अधिकारी अपनी संबंधित रेजिमेंट और कोर (Corps) की पारंपरिक पहचान वाले बैज, टोपी और अन्य प्रतीक फिर से पहन सकेंगे। सेना का यह नया आदेश 1 दिसंबर 2026 से लागू होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सेना ने 13 नवंबर को जारी एक आंतरिक पत्र के माध्यम से 2023 के ड्रेस कोड संबंधी निर्देशों को रद्द कर दिया है। अब वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी के लिए दोबारा आर्मी यूनिफॉर्म्स पैम्फलेट-2018 के नियम लागू होंगे।
क्या बदलेगा नए आदेश से?
2023 में लागू नियमों के तहत ब्रिगेडियर, मेजर जनरल, लेफ्टिनेंट जनरल और सेना प्रमुख सहित वरिष्ठ अधिकारियों के लिए एक समान ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था। इसमें रेजिमेंट और कोर की अलग-अलग पहचान वाले प्रतीकों को हटाकर डार्क ग्रीन बेरेट, एक जैसे बेल्ट और पीतल के रैंक बैज अनिवार्य किए गए थे। कंधे पर पहने जाने वाले पारंपरिक लैनयार्ड भी बंद कर दिए गए थे। अब इन बदलावों को वापस लेते हुए अधिकारियों को अपनी रेजिमेंट के अनुसार पारंपरिक पहचान अपनाने की अनुमति दी गई है। इसमें बेरेट, शोल्डर टाइटल, लैनयार्ड और बेल्ट जैसी चीजें शामिल हैं।
किस रेजिमेंट को क्या मिलेगा?
गोरखा राइफल्स: अधिकारियों को फिर से अपनी विशिष्ट तिरछी पारंपरिक टोपी पहनने की अनुमति होगी।
स्पेशल फोर्सेज: अधिकारियों की मैरून बेरेट की वापसी होगी।आर्मर्ड कोर: वरिष्ठ अधिकारी फिर से काली बेरेट पहन सकेंगे।राइफल रेजिमेंट: गढ़वाल राइफल्स, राजपूताना राइफल्स और गोरखा राइफल्स के अधिकारियों के काले रैंक बैज भी वापस आएंगे। इसके अलावा संबंधित रेजिमेंट और कोर के पारंपरिक बेल्ट, शोल्डर टाइटल और लैनयार्ड भी बहाल होंगे।
2023 में क्यों लागू हुआ था एक समान ड्रेस कोड?
अप्रैल 2023 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे की अध्यक्षता में हुई आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ अधिकारियों के लिए एक समान वर्दी का फैसला लिया गया था। इसे अगस्त 2023 में लागू किया गया। इसका उद्देश्य वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व में एक समान पहचान और साझा कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना था, ताकि रेजिमेंट और कोर की अलग-अलग पहचान से ऊपर उठकर सेना के वरिष्ठ अधिकारी एक साझा संस्थागत पहचान के साथ काम कर सकें, लेकिन अब अधिकारियों से मिले फीडबैक और व्यापक समीक्षा के बाद सेना ने पुरानी परंपराओं को बहाल करने का फैसला किया है।
सेना प्रमुख की वर्दी में भी दिखेगा बदलाव
जनरल धीरज सेठ, जिन्होंने 30 जून 2026 को सेना प्रमुख का पद संभाला था, आर्मर्ड कोर से संबंधित हैं। नए आदेश के बाद वह भी अपनी कोर की परंपरा के अनुसार काली बेरेट पहन सकेंगे। उनके जूतों में भी संबंधित सैन्य परंपरा के अनुसार बदलाव होगा।गौरतलब है कि 2023 का एक समान ड्रेस कोड कर्नल और उससे नीचे के रैंक के अधिकारियों पर लागू नहीं हुआ था। उनकी रेजिमेंटल पहचान पहले की तरह बरकरार रही थी। इस फैसले को भारतीय सेना की पुरानी रेजिमेंटल परंपराओं और सैन्य विरासत की बहाली के रूप में देखा जा रहा है।