Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

माता के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा कहर, 2 बच्चों समेत 3 की मौत

भारत इंफो : लुधियाना के माछीवाड़ा में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माता नैना देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा टकराया। इस भीषण हादसे में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

नैना देवी से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, टेंपो में सवार श्रद्धालु नैना देवी से दर्शन कर माछीवाड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान माछीवाड़ा के नजदीक सड़क पर खड़ा एक टिप्पर उनके टेंपो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में आगे बैठे तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो नाबालिग लड़के और एक महिला शामिल हैं। मृतकों की पहचान मुन्ना (13), गौरव (17) और मधु देवी (35) के रूप में हुई है। तीनों माछीवाड़ा की गुरु कॉलोनी के रहने वाले थे। हादसे में घायल हुए 27 लोगों को उपचार के लिए माछीवाड़ा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

श्रद्धालुओं ने ड्राइवर पर लगाए लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद टेंपो में सवार यात्रियों ने ड्राइवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ड्राइवर काफी लापरवाही से वाहन चला रहा था। यात्रियों के मुताबिक, कीरतपुर के पास भी टेंपो का एक्सीडेंट होते-होते बचा था। यात्रियों ने बताया कि रास्ते में कुछ लोगों ने ड्राइवर को गाड़ी चलाने से रोकते हुए खुद वाहन चलाने की पेशकश भी की थी, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *