Tuesday, November 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 17°C
Breaking News

पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्याओं के पीछे ‘ऑपरेशन नूर’! गुरदासपुर में हेड कांस्टेबल की हत्या की जिम्मेदारी आतंकी संगठन ने ली, पुलिस अलर्ट

भारत इंफो, चंडीगढ़

पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर उनकी हत्या किए जाने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। गुरदासपुर में पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या के बाद सोशल मीडिया पर सक्रिय एक कथित आतंकी संगठन ने इस वारदात की जिम्मेदारी लेते हुए इसे ‘ऑपरेशन नूर’ का हिस्सा बताया है। संगठन ने भविष्य में भी पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की धमकी दी है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 42 वर्षीय हेड कांस्टेबल विनोद कुमार पठानकोट के सुजानपुर पुलिस स्टेशन में तैनात थे। वह प्रशिक्षण के सिलसिले में संगरूर गए हुए थे। रविवार रात वापस लौटते समय गुरदासपुर के मानकौर बाईपास के पास उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार तड़के उनका शव सड़क किनारे बरामद हुआ। उनके सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं।

तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली जिम्मेदारी

इस हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) नाम के संगठन की ओर से एक पोस्टर जारी कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्टर में इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन नूर’ से जोड़ते हुए पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों को आगे भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।मीडिया रिपोर्टों में इस संगठन के पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क और शाहजाद भट्टी से संबंध होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पंजाब पुलिस ने संगठन के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और हत्या के पीछे संभावित साजिश की जांच कर रही है।

इस साल छह पुलिसकर्मी बन चुके हैं निशाना

पंजाब में इस साल पुलिसकर्मियों की हत्या की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं।

फरवरी: गुरदासपुर के अधियां गांव में पुलिस चौकी के अंदर एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की हत्या।

मई: अमृतसर के मजीठा क्षेत्र में एएसआई जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या।

सितंबर: अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या।

अक्टूबर: तरनतारन में एएसआई इकबाल सिंह की हत्या।

नवंबर: गुरदासपुर में हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की हत्या।

इन घटनाओं को लेकर राज्य में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और सीमावर्ती जिलों में सक्रिय आपराधिक एवं आतंकी नेटवर्क की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने परिवार को एक करोड़ रुपये देने का ऐलान किया

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की शहादत पर दुख जताते हुए उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक की ओर से बीमा राशि के रूप में एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *