Tuesday, November 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 16°C
Breaking News

आप 26 नवंबर को मोगा में करेगी मेगा रैली, 14वें स्थापना दिवस पर पंजाब में चुनावी अभियान का होगा आगाज

अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान एक मंच पर आएंगे

2027 विधानसभा चुनाव के लिए बड़े ऐलान और सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करने की तैयारी

भारत इंफो, चंडीगढ़

आम आदमी पार्टी (AAP) आगामी 26 नवंबर को अपने 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर पंजाब के मोगा में विशाल राजनीतिक रैली आयोजित करेगी। इस रैली के जरिए पार्टी वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करने की तैयारी में है।

26 नवंबर का दिन पार्टी के स्थापना दिवस के साथ-साथ देश में संविधान दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। ऐसे में AAP ने इस अवसर को पंजाब की राजनीति में अपनी ताकत दिखाने और आगामी चुनावों का एजेंडा सामने रखने के लिए चुना है।

रिपोर्ट के अनुसार, रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक साथ मंच साझा कर सकते हैं। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी इसमें शामिल होने की संभावना है।

पांच साल का विजन और सरकार का रिपोर्ट कार्ड

रैली में पार्टी अपनी सरकार के लगभग 56 महीनों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर सकती है। इसमें प्रमुख रूप से हर दो महीने में 300 यूनिट मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार, नहरी सिंचाई व्यवस्था का विस्तार, सरकारी नौकरियों में भर्ती और महिलाओं के लिए मावां-धीयां सत्कार योजना शामिल है। इसके अलावा महिलाओं और युवाओं को ध्यान में रखते हुए पंजाब के लिए अगले पांच वर्षों का राजनीतिक एवं विकास एजेंडा भी सामने रखे जाने की संभावना है।

71 उम्मीदवारों का हो चुका है ऐलान

AAP अब तक 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मोगा रैली से पहले उम्मीदवारों की तीसरी सूची भी जारी की जा सकती है। नए घोषित उम्मीदवारों को रैली में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।

2027 चुनाव से पहले मोगा क्यों अहम?

मोगा पंजाब की राजनीति में बड़ी रैलियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस भी पहले यहां से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर चुकी हैं। AAP के लिए यह रैली इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पार्टी पहली बार 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच अपने राष्ट्रीय और पंजाब नेतृत्व को एक बड़े मंच पर लाने जा रही है।

राजनीतिक नजरिए से 26 नवंबर की मोगा रैली के तीन प्रमुख संकेत होंगे जिस में पार्टी का चुनावी एजेंडा, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की संयुक्त राजनीतिक मौजूदगी तथा 2027 के लिए उम्मीदवारों और संगठन की तैयारियों का प्रदर्शन शामिल होगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *