loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 21°C
Breaking News

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में वैश्विक ठप्‍प पड़ने पर कंपनी ने मांगी माफी, नेटवर्क अपग्रेड की तकनीकी गलती से हुआ बड़ा आउटेज

आउटलुक, टीम्स और कोपायलट समेत कई सेवाएं हुई थीं प्रभावित; 70 से अधिक देशों में यूजर्स को परेशानी, कंपनी ने कहा- अब सेवाएं सामान्य

भारत इंफो, नई दिल्ली

दुनिया की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आए बड़े वैश्विक व्यवधान के बाद कंपनी ने ग्राहकों और साझेदारों से माफी मांगी है। माइक्रोसॉफ्ट ने स्वीकार किया है कि नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के लिए किए गए अपग्रेड के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ी इस आउटेज की वजह बनी। कंपनी ने कहा है कि समस्या को ठीक कर लिया गया है और उसकी सेवाएं अब सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

माइक्रोसॉफ्ट की इस तकनीकी खराबी का असर उसके कई लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पड़ा। इनमें आउटलुक ईमेल, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और कोपायलट जैसी सेवाएं शामिल थीं। इसके चलते दुनियाभर में बड़ी संख्या में यूजर्स अपने ईमेल और ऑफिस से जुड़े जरूरी काम नहीं कर पाए।

नेटवर्क अपग्रेड बना परेशानी की वजह

कंपनी के मुताबिक, पहले किए गए नेटवर्क क्षमता विस्तार के दौरान एक तकनीकी समस्या पैदा हुई थी, जो हालिया नेटवर्क बदलाव के बाद सामने आई। इसके कारण नेटवर्क पर दबाव बढ़ा और कई सर्वर तथा सेवाओं की उपलब्धता प्रभावित हुई।

माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया कि यह घटना किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट से जुड़ी गतिविधि का परिणाम नहीं थी। कंपनी ने तकनीकी गड़बड़ी को ही इसका कारण बताया है।

70 से अधिक देशों में यूजर्स प्रभावित

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर आउटलुक की समस्या को लेकर 1.30 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। रिपोर्टों के मुताबिक, 70 से अधिक देशों में यूजर्स को सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसका असर कंपनियों, सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, वित्तीय सेवाओं और अन्य संगठनों के कामकाज पर भी पड़ा।

भारत में एयरलाइंस का ईमेल सपोर्ट प्रभावित

भारत में भी इस तकनीकी खराबी का असर देखने को मिला। इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर जैसी एयरलाइंस की ईमेल आधारित ग्राहक सहायता सेवाएं प्रभावित हुईं। यात्रियों के कुछ सवालों और शिकायतों के जवाब देने में देरी हुई। हालांकि, एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि उसकी उड़ान संचालन सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं। कंपनी ने यात्रियों से संपर्क बनाए रखने के लिए अस्थायी रूप से ईमेल सेवाओं को दूसरे माध्यमों से संचालित करने की व्यवस्था की।

धीरे-धीरे बहाल की गईं सेवाएं

माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि समस्या ठीक करने के बाद सेवाओं को एक साथ शुरू करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया। प्रत्येक चरण में नेटवर्क की स्थिरता की जांच की गई ताकि दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो। कंपनी ने कहा कि उसे इस व्यवधान से ग्राहकों और साझेदारों को हुई परेशानी का गहरा अफसोस है। माइक्रोसॉफ्ट ने घटना की विस्तृत जांच के बाद एक रिपोर्ट जारी करने और भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने की बात भी कही है।

शनिवार सुबह कंपनी के सर्विस हेल्थ पेज पर माइक्रोसॉफ्ट के सभी उत्पादों के परिचालन में होने की जानकारी दी गई। कंपनी ने हालांकि ईमेल के लंबित संदेशों की डिलीवरी और सेवाओं की स्थिरता पर निगरानी जारी रखी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *