पटियाला के गुरुद्वारा परमेश्वर द्वार साहिब में हुए नतमस्तक, कांग्रेस नेता विजय इंदर सिंगला भी रहे मौजूद
भारत इंफो, पटियाला
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने शनिवार को पटियाला के शेखूपुर स्थित गुरुद्वारा परमेश्वर द्वार साहिब पहुंचकर नतमस्तक हुए और भाई रणजीत सिंह ढडरियांवाले से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय इंदर सिंगला भी उनके साथ मौजूद रहे।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान पंजाब के मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक हालात के अलावा प्रदेश की बेहतरी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। परगट सिंह ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस मुलाकात की जानकारी साझा की।
धार्मिक संस्थानों तक कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने की कोशिश
परगट सिंह के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के प्रमुखों से उनकी मुलाकातों का सिलसिला जारी है। इससे पहले वह जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां में संत निरंजन दास महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से भी मुलाकात की थी।
राजनीतिक दृष्टि से इन मुलाकातों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की जनसंपर्क गतिविधियों के विस्तार के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। खासकर मालवा क्षेत्र में भाई रणजीत सिंह ढडरियांवाले की धार्मिक और सामाजिक लोकप्रियता को देखते हुए इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने 11 नवंबर से ‘पंजाब मांगदा इंसाफ’ अभियान भी शुरू किया है। पार्टी इस अभियान के जरिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने की तैयारी कर रही है।