4 लाख कर्मचारी और 3.5 लाख पेंशनर्स करेंगे प्रदर्शन, 91 AAP विधायकों के घरों का करेंगे घेराव; शंभू से अमृतसर तक बनेगी मानव शृंखला
भारत इंफो, चंडीगढ़
पंजाब की भगवंत मान सरकार की ओर से कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए घोषित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) की बढ़ोतरी को कर्मचारी संगठनों ने नाकाफी बताते हुए ठुकरा दिया है। सरकार के इस दिवाली तोहफे के खिलाफ कर्मचारी और पेंशनर्स संगठनों ने महीनेभर तक आंदोलन चलाने का ऐलान किया है।
चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्वाइंट कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ एम्प्लॉइज एंड पेंशनर्स यूनियंस के नेताओं सुखचैन खेड़ा और गुरनाम सिंह विर्क ने आंदोलन की रूपरेखा घोषित की। उन्होंने बताया कि इस संघर्ष में करीब 4 लाख सरकारी कर्मचारी और 3.5 लाख पेंशनर्स शामिल होंगे।
13 नवंबर से शुरू होगा आंदोलन
आंदोलन की शुरुआत 13 से 19 नवंबर तक संगरूर में पक्के धरने से होगी। इसके बाद 1 से 5 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 91 आम आदमी पार्टी विधायकों के आवासों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे और सरकार के पुतले फूंके जाएंगे। 6 दिसंबर को पुतलों की राख लुधियाना के बुड्ढा नाला में विसर्जित करने का कार्यक्रम है। आंदोलन के अंतिम चरण में 13 दिसंबर को शंभू से अमृतसर तक करीब 250 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला बनाई जाएगी।
ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
कर्मचारी संगठनों की मांगों में पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करना, बकाया 10 प्रतिशत DA जारी करना, लंबित DA एरियर का भुगतान, छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करना तथा पुराने वेतनमान और भत्ते बहाल करना शामिल है।
यूनियन नेताओं का कहना है कि केवल 3 प्रतिशत DA बढ़ाने से कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा मांगें पूरी किए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को DA में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जिसके बाद महंगाई भत्ता बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। यह बढ़ोतरी 1 नवंबर से प्रभावी होगी और दिसंबर में मिलने वाले वेतन व पेंशन में दिखाई देगी।