भारत इंफो : जालंधर के फिल्लौर में जीटी रोड पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां वेरका दूध से भरा एक कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर दूध फैल गया और यातायात प्रभावित हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कैंटर चालक को कोई चोट नहीं आई और न ही किसी अन्य व्यक्ति के जानी नुकसान की खबर है।
बाइक सवार को बचाने के चक्कर में डिवाइडर से टकराया कैंटर
SSF के कर्मचारी सरबजीत सिंह के मुताबिक, कैंटर चालक कट से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान सामने से एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कैंटर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कैंटर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के बाद कैंटर सड़क पर पलट गया और उसमें रखा दूध सड़क पर बिखर गया। हादसे के समय अंधेरा और कोहरा अधिक होने के कारण चालक को डिवाइडर ठीक से दिखाई नहीं दिया। हालांकि, दुर्घटना में चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा।
हाइड्रा मशीन की मदद से हटाया कैंटर, यातायात हुआ बहाल
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने सबसे पहले सेफ्टी कोन लगाकर घटनास्थल पर सुरक्षा के इंतजाम किए, ताकि वहां से गुजरने वाले वाहनों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके बाद हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे हुए कैंटर को सीधा कर सड़क से किनारे हटाया गया। कैंटर हटने के बाद प्रभावित यातायात को दोबारा सुचारु करवा दिया गया।