फ्लोरिडा में रिहायशी इलाके में गिरा लियरजेट-60, हादसे के बाद लगी भीषण आग; FAA और NTSB ने शुरू की जांच
भारत इंफो, फ्लोरिडा (अमेरिका)
अमेरिका के फ्लोरिडा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो आवास के नजदीक एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। विमान रिहायशी इलाके में गिरा, जिसके बाद घटनास्थल पर भीषण आग लग गई और आसमान में आग के बड़े गुबार दिखाई दिए। आपातकालीन सेवाओं ने आसपास की सड़कों को बंद कर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे को भयावह त्रासदी बताते हुए सभी नौ लोगों की मौत की पुष्टि की। दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट-60 था। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब 12:50 बजे फ्लोरिडा के क्रेस्टहेवन इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह स्थान राष्ट्रपति ट्रंप के मार-ए-लागो आवास से लगभग नौ मील दूर बताया गया है।
परिवहन मंत्री के अनुसार, विमान टेक्सास के ऑस्टिन से रवाना हुआ था और बहामास जा रहा था। FAA ने पुष्टि की कि विमान ने ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और उसे बहामास के नॉर्थ एल्युथेरा एयरपोर्ट पहुंचना था। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। NTSB जांच की अगुवाई करेगा और दुर्घटना के कारणों तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को लेकर आधिकारिक अपडेट जारी करेगा। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।