loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; टॉयलेट में मिले सबसे ज्यादा शव

भारत इंफो : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक पब में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दर्दनाक अग्निकांड में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसा बैंकॉक के चटुचक जिले स्थित ‘रोंग बीयर ना लैट फ्राओ’ पब में रात करीब 11:57 बजे हुआ, जहां देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

टॉयलेट में मिले सबसे ज्यादा शव, धुएं में फंस गए लोग

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार आग तेजी से फैलने के कारण कुछ ही मिनटों में पूरे पब में घना धुआं भर गया। जान बचाने के लिए लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन धुएं और आग की लपटों के चलते कई लोग सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके। कुछ लोग पब के पिछले हिस्से में बने बाथरूम की ओर भागे, लेकिन वहां से बाहर निकलने का रास्ता नहीं होने के कारण कई लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सबसे ज्यादा शव टॉयलेट क्षेत्र से बरामद किए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा, जांच के दिए आदेश

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर हादसे में 27 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रधानमंत्री ने मौके पर मौजूद एक संगीतकार से भी बातचीत की, जिसने बताया कि आग संभवतः बिजली के स्विच के पास शुरू हुई थी। इसके बाद तेजी से आग फैल गई और पब के भीतर धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देने लगीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

35 मिनट में आग पर पाया गया काबू

दमकल विभाग के मुताबिक सूचना मिलते ही कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद बचाव दल ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन अब पब की सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास और अग्नि सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए हादसे के वीडियो

हादसे के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पब के मुख्य प्रवेश द्वार से आग की ऊंची लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत से भागते नजर आ रहे हैं, जबकि पूरे इलाके में काले धुएं का घना गुबार दिखाई देता है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *