Sunday, September 13, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 37°C
Breaking News

जालंधर में फैंसी नंबरों की जबरदस्त डिमांड, 0001 से लेकर 0009 तक लाखों में बिके VIP नंबर

भारत इंफो : जालंधर में फैंसी नंबरों का क्रेज किसी से छिपा नहीं है। रीजनल परिवहन कार्यालय (RTO) की ओर से आयोजित ऑनलाइन ई-पंजाब में फैंसी वाहन नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। जालंधर रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) द्वारा आयोजित ऑनलाइन ई-ऑक्शन में इस बार PB 08 GA सीरीज का 0001 नंबर सबसे महंगा साबित हुआ। इस VIP नंबर के लिए 8 लाख 52 हजार 500 रुपए की रिकॉर्ड बोली लगी। खास बात यह रही कि यह नंबर किसी लग्जरी कार के लिए नहीं, बल्कि एक एक्टिवा के लिए खरीदा गया है।

एक्टिवा की कीमत से कई गुना महंगा पड़ा नंबर
मौजूदा समय में एक नई एक्टिवा की ऑन-रोड कीमत करीब 1.10 लाख रुपए है। ऐसे में जिस कीमत पर यह फैंसी नंबर खरीदा गया, उतनी रकम में लगभग आठ नई एक्टिवा खरीदी जा सकती थीं। इससे साफ है कि पंजाब में VIP और फैंसी नंबरों को लेकर लोगों में जबरदस्त आकर्षण बना हुआ है।

अन्य VIP नंबर भी लाखों रुपए में हुए नीलाम
ई-ऑक्शन में सिर्फ 0001 ही नहीं, बल्कि अन्य पसंदीदा नंबरों पर भी जमकर बोली लगी। 0007 नंबर 3 लाख 11 हजार रुपए, 0005 नंबर 2 लाख 83 हजार रुपए और 0008 नंबर 2 लाख 50 हजार रुपए में नीलाम हुआ। वहीं 0002, 0003, 0006 और 0009 नंबरों के लिए भी 2-2 लाख रुपए तक की बोली लगी।

लगातार बढ़ रही फैंसी नंबरों की दीवानगी
पिछले कई महीनों से जालंधर RTO की ई-ऑक्शन में 000 सीरीज के VIP नंबर लाखों रुपए में बिक रहे हैं। हालांकि इससे पहले भी कुछ नंबर 8 लाख रुपए से अधिक कीमत में नीलाम हो चुके हैं, लेकिन हाल के महीनों में आयोजित यह ऑक्शन सबसे सफल माना जा रहा है। इससे पहले PB 08 FZ सीरीज का 0001 नंबर 8 लाख 61 हजार रुपए में नीलाम हुआ था, जिसने भी लोगों का ध्यान खींचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *