loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

जालंधर में बेकाबू इनोवा घर में घुसी, सड़क पर पलटी; चालक बाल-बाल बचा

भारत इंफो : जालंधर के डिफेंस कॉलोनी इलाके में सेंट जोसेफ स्कूल के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इनोवा कार अचानक बेकाबू होकर पहले पेड़ और बिजली के पोल से टकराई, फिर एक घर का मुख्य गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गेट से टकराने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

कार में फंसा चालक, लोगों ने बाहर निकाला
हादसे के दौरान चालक कार के अंदर फंस गया था। मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने मिलकर उसे बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शी अंकुश ने बताया कि ऑटोमैटिक गाड़ी में अचानक रेस बढ़ जाने से हादसा हुआ। उनके मुताबिक कार पहले एक पेड़ से टकराई, फिर दोबारा रेस देने पर बिजली के पोल से जा भिड़ी और आखिर में घर का गेट तोड़कर पलट गई। उन्होंने बताया कि चालक किसी ढाबे का मालिक बताया जा रहा है।

नींद की झपकी आने से हुआ हादसा
घर की मालकिन भजन कौर ने बताया कि वह उस समय छत पर बैठी थीं। अचानक तेज आवाज सुनकर वह घबरा गईं और नीचे आकर देखा कि कार उनके घर का गेट तोड़ चुकी थी। पड़ोसी अभी अमृत सिंह के अनुसार चालक किसी शादी समारोह से लौट रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक ने शराब पी रखी थी। हालांकि हादसे में चालक को गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स मौके पर पहुंची। सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई प्रेमनाथ ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में चालक ने नींद की झपकी आने की बात कही है। हादसे में घर का गेट और कार दोनों क्षतिग्रस्त हुए हैं। मामले की जानकारी संबंधित थाने को दे दी गई है और पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *