loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

अमेरिका में सिख युवक की दर्दनाक मौत, ट्रक हादसे में जिंदा जला; घर में चल रही थीं शादी की तैयारियां

भारत इंफो : हरियाणा के कैथल जिले के गांव बाकल के 26 साल सिमरनजीत सिंह की अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बेहतर भविष्य की तलाश में विदेश गए सिमरनजीत की इस तरह मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है।

‘डंकी रूट’ से 6 महीने में पहुंचा अमेरिका
जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह ने अवैध ‘डंकी रूट’ के जरिए करीब 6 महीने में अमेरिका का सफर तय किया था। इस दौरान वह कई देशों से होते हुए गुजरा पहले दुबई, फिर मॉस्को और इसके बाद मेक्सिको के रास्ते अमेरिका पहुंचा। इस कठिन यात्रा के दौरान उसे एक बार सेना द्वारा पकड़ा गया और कुछ दिन जेल में भी रहना पड़ा।

हादसे के वक्त केमिकल से भरा ट्रक चला रहा था
अमेरिका पहुंचने के बाद सिमरनजीत ने ट्रक ड्राइवर के रूप में काम शुरू किया। हादसे वाले दिन वह केमिकल से भरा ट्रक लेकर जा रहा था। रास्ते में एक अन्य कार हादसा देखकर उसने मदद के लिए अपना ट्रक साइड में खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई और सिमरनजीत उसमें फंस गया। आग इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई और शरीर पूरी तरह जल गया।

शादी की चल रही थी तैयारी
बताया जा रहा है कि सिमरनजीत 17 साल की उम्र में विदेश जाने के लिए घर से निकला था। उसने 12वीं तक पढ़ाई की थी और इसके बाद परिवार से विदेश जाने की इच्छा जताई थी। परिवार भी उसकी बेहतर भविष्य की उम्मीदों के साथ उसे भेजने के लिए राजी हो गया था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और अक्टूबर-नवंबर में विवाह तय करने की योजना थी।

अस्थियां भारत लाने की मांग
सिमरनजीत के माता-पिता गहरे सदमे में हैं। परिवार ने सरकार से अपील की है कि उनके बेटे की अस्थियां भारत लाने में मदद की जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार अपने देश में किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *