भारत इंफो : अमेरिका में पिछले कुछ दिनों से सरकारी एजेंसियों से लेकर बड़ी टेक कंपनियों, बैंकों और एयरलाइंस तक के डिजिटल सिस्टम में लगातार तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। 12 से 17 नवंबर के बीच कई बड़े संस्थानों की सेवाएं प्रभावित हुईं। मंगलवार को अमेरिकी खुफिया एजेंसी नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का गोपनीय कम्युनिकेशन नेटवर्क और टेक कंपनी Apple की कई सेवाएं भी ठप हो गईं।
इससे पहले Microsoft, अमेरिकी बैंकिंग सेवाओं, विमानन व्यवस्था और United Airlines के सिस्टम में भी खराबी आ चुकी थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने अमेरिका के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इन घटनाओं को अलग-अलग तकनीकी समस्याओं का नतीजा बताया है।
साइबर अटैक या विदेशी साजिश के सबूत नहीं: मार्को रूबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों पर कहा कि अब तक इन घटनाओं के पीछे किसी साइबर हमले या विदेशी साजिश के सबूत नहीं मिले हैं। उनके मुताबिक, अलग-अलग संस्थानों में आई खराबियों के कारण भी अलग-अलग हैं।
सरकारी एजेंसियों और निजी कंपनियों की सेवाओं में एक के बाद एक आई रुकावटों के चलते बैंकिंग, हवाई यातायात, होटल बुकिंग और ऑनलाइन कामकाज प्रभावित हुआ। 12 से 17 नवंबर के बीच सामने आई प्रमुख घटनाओं ने कई जरूरी डिजिटल सेवाओं को प्रभावित किया।
12 नवंबर: Microsoft की सेवाएं ठप, Outlook और Teams पर असर
12 नवंबर को Microsoft के कई प्रमुख प्लेटफॉर्म में तकनीकी खराबी आ गई। Outlook, Teams और Copilot जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। इसके चलते लोगों को ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और ऑफिस से जुड़े काम निपटाने में परेशानी हुई।
13 नवंबर को अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के नेटवर्क और राउटर में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। इसके कारण चार घंटे से अधिक समय तक उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। इस दौरान हजारों उड़ानों के रद्द होने की जानकारी सामने आई।
JPMorgan और United Airlines के सिस्टम में आई दिक्कत
16 नवंबर को अमेरिका के बड़े बैंक JPMorgan Chase की ऑनलाइन बैंकिंग और मनी ट्रांसफर सेवाओं में परेशानी आई। ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग से जुड़े काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी दिन United Airlines का सिस्टम भी 90 मिनट से अधिक समय तक प्रभावित रहा। इसकी वजह से करीब 150 उड़ानों में देरी हुई और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
NSA का गोपनीय नेटवर्क ठप, कर्मचारियों को बुलाना पड़ा ऑफिस
17 नवंबर को अमेरिकी खुफिया एजेंसी NSA का गोपनीय कम्युनिकेशन नेटवर्क ‘NSA Net’ अचानक बंद हो गया। इस नेटवर्क का इस्तेमाल एजेंसी के कर्मचारियों के बीच सुरक्षित संचार के लिए किया जाता है। सिस्टम में आई खराबी के कारण कर्मचारियों को अलग-अलग समय पर कार्यालय बुलाना पड़ा। इसी दिन Apple की कई महत्वपूर्ण सेवाओं में भी तकनीकी दिक्कतें सामने आईं। इनमें Apple Music, App Store, AppleCare, iCloud और Apple Pay शामिल हैं। इन सेवाओं के प्रभावित होने से दुनियाभर के यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा।
Marriott होटल की वेबसाइट और ऐप भी हुए प्रभावित
17 नवंबर को ही अमेरिका की बड़ी होटल चेन Marriott की वेबसाइट और मोबाइल ऐप में भी तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण ग्राहकों को होटल बुकिंग और चेक-इन करने में परेशानी हुई। इस तरह छह दिनों के भीतर अमेरिका में सरकारी एजेंसियों, बैंकों, एयरलाइंस, टेक कंपनियों और होटल सेवाओं के सिस्टम प्रभावित हुए।