Wednesday, November 18, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 15°C
Breaking News

मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट का परिचालन ठप, सैकड़ों यात्री फंसे; एयरलाइन काउंटर पर हंगामा और नारेबाजी

मंगलवार शाम 7 बजे से नहीं उड़ी स्पाइसजेट की कोई फ्लाइट, यात्रियों ने समय पर सूचना और जवाब नहीं देने के लगाए आरोप

भारत इंफो, मुंबई

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट (SpiceJet) की उड़ानों में भारी व्यवधान के चलते सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार शाम से उड़ानें प्रभावित होने के कारण यात्री पूरी रात एयरपोर्ट पर फंसे रहे। हालात ऐसे बन गए कि नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के काउंटर पर इकट्ठा होकर जमकर नारेबाजी की।मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7 बजे के बाद मुंबई एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी। देर रात 11:30 बजे रवाना होने वाली एक फ्लाइट की बोर्डिंग भी शुरू नहीं हो पाई। इसके चलते यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती गई।

यात्रियों को नहीं मिली उड़ानों की जानकारी

एयरलाइन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें उड़ानों में देरी और रद्द होने के संबंध में समय पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। यात्रियों को यह भी नहीं बताया जा रहा था कि उनकी फ्लाइट कब रवाना होगी या उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था कब तक मिलेगी।

पहले भी सामने आ चुकी हैं परिचालन संबंधी दिक्कतें

स्पाइसजेट की उड़ानों में व्यवधान की घटनाएं पिछले कुछ दिनों से लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले दुबई में बकाया भुगतान के विवाद के चलते ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी DNATA ने चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं, जिसके कारण चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन भी यात्रियों को स्पाइसजेट की उड़ानों की स्थिति पहले से जांचने की सलाह दे चुके हैं। फिलहाल मुंबई में ताजा व्यवधान के कारणों को लेकर स्पाइसजेट की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। यात्रियों को एयरलाइन से स्पष्ट जवाब और जल्द वैकल्पिक व्यवस्था मिलने का इंतजार है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *