Tuesday, November 17, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 17°C
Breaking News

IndiGo विमान का लैंडिंग गियर नहीं हुआ बंद, पुणे में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग

 

गुवाहाटी जा रही फ्लाइट 6E 0623 को उड़ान के तुरंत बाद लौटना पड़ा, 192 यात्रियों की सांसें अटकीं

भारतीय वायुसेना ने घोषित की फुल इमरजेंसी, सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित

भारत इंफो,पुणे

महाराष्ट्र के पुणे से असम के गुवाहाटी जा रही IndiGo की एक फ्लाइट में रविवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान का लैंडिंग गियर (पहिए) टेकऑफ के बाद अंदर नहीं जा सका और खुली अवस्था में ही रह गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी और विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट लाया गया। इस विमान में यात्रियों और क्रू सदस्यों सहित कुल 192 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि विमान ने सुबह 9:04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

भारतीय वायुसेना ने घोषित की फुल इमरजेंसी

जानकारी के मुताबिक, IndiGo की फ्लाइट 6E 0623 (VT-IZE) ने रविवार सुबह पुणे से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा सका। पायलट की सूचना के बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन, ATC और IndiGo ने आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी। एयरपोर्ट का प्रबंधन संभाल रही भारतीय वायुसेना (IAF) ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। दमकल की गाड़ियों, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन टीमों को अलर्ट पर रखा गया।

रनवे के ऊपर से गुजारा गया विमान

सुरक्षा के मद्देनजर विमान को रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि जमीन पर मौजूद विशेषज्ञ लैंडिंग गियर की स्थिति का दृश्य निरीक्षण कर सकें। इसके बाद विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया। सुबह 9:10 बजे विमान की स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई।

यात्रियों को सुरक्षित उतारा, दूसरे विमान की व्यवस्था

विमान के सुरक्षित रुकने के बाद एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी 192 यात्रियों एवं क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। IndiGo की ओर से यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा पूरी कराने के लिए बेंगलुरु से वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही थी। फिलहाल तकनीकी खराबी के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। विमान की तकनीकी जांच की जाएगी। इस घटना में समय रहते पायलट की सतर्कता, ATC और भारतीय वायुसेना के समन्वय से बड़ा हादसा टल गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *