loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 24°C
Breaking News

मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक होगा World Hindu Congress 2026 का आयोजन

60 से अधिक देशों के प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

स्वामी विज्ञानानंद बोले- पिछली एक सदी की तुलना में आज हिंदू समाज अधिक दृश्यमान, स्वीकार्य और सम्माननीय स्थिति में

समानं व्रतं सह चित्तम्’ होगा सम्मेलन का केंद्रीय विषय, सात समानांतर मंचों पर धर्म, शिक्षा, अर्थव्यवस्था, राजनीति और संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर होगा मंथन

भारत इंफो, जालंधर

विश्व हिंदू समुदाय के प्रमुख वैश्विक मंच World Hindu Congress 2026 का आयोजन आगामी 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महासम्मेलन में 60 से अधिक देशों के 4500 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन का केंद्रीय विषय ‘समानं व्रतं सह चित्तम्’ रखा गया है, जिसका अर्थ है साझा संकल्प और सामूहिक दृढ़ता। इसमें दुनिया भर से हिंदू नेता, विचारक, उद्यमी, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता एक मंच पर जुटकर हिंदू समाज की वर्तमान स्थिति, भविष्य की चुनौतियों और वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका को लेकर विचार-विमर्श करेंगे।

World Hindu Congress के प्रणेता स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती ने जालंधर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्मेलन की जानकारी देते हुए कहा कि आज का हिंदू समाज पिछली एक सदी की तुलना में कहीं अधिक दृश्यमान, स्वीकार्य और सम्माननीय स्थिति में है। अब आवश्यकता है कि समाज संगठित होकर साझा संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपनी आकांक्षाओं को साकार करे। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की एकता की परीक्षा लेने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए सामूहिक प्रयास और मजबूत संगठनात्मक सोच जरूरी है। इस अवसर पर आयोजित समारोह में सांसद अशोक मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सेवानिवृत्त एडीजीपी जसकरन सिंह विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।

स्वामी विज्ञानानंद ने बताया कि मुंबई सम्मेलन के दौरान सात समानांतर विषयगत सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें World Hindu Economic Forum, Hindu Education Conference, Hindu Media Conference, Hindu Political Conference, Hindu Women’s Conference, Hindu Youth Conference और Hindu Organisational Conference शामिल हैं। इन मंचों के माध्यम से हिंदू समाज की आर्थिक, शैक्षणिक, राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षमताओं पर चर्चा होगी। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों के बीच संपर्क, सहयोग और भविष्य की ठोस कार्ययोजनाएं तैयार करने पर भी जोर रहेगा। उन्होंने बताया कि World Hindu Congress का पिछला आयोजन नवंबर 2023 में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में हुआ था। वर्ष 2014 में दिल्ली से शुरू हुए इस वैश्विक सम्मेलन का आयोजन 2018 में शिकागो और 2023 में बैंकॉक में किया गया था। अब 2026 में मुंबई में इसका चौथा संस्करण आयोजित होगा। पिछले सम्मेलनों में 60 से अधिक देशों के 6500 से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा ले चुके हैं।

 

वैश्विक स्तर की कई हस्तियां कर चुकी हैं शिरकत

World Hindu Congress के पूर्व आयोजनों में दलाई लामा, माता अमृतानंदमयी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, डॉ. बिबेक देबरॉय, पद्मभूषण डॉ. विजय भटकर, डॉ. आर. नागस्वामी, प्रो. कपिल कपूर, जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बू, अजय पीरामल, मोहनदास पई, फिल्मकार विपुल शाह और प्रियदर्शन सहित अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां भाग ले चुकी हैं। इनके अलावा स्वामी स्वरूपानंद, सद्गुरु दिलीप सिंह, मधु पंडित दास, इतिहासकार विक्रम संपत और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी स्वामी गोविंद देव गिरि भी पूर्व सम्मेलनों में शामिल हुए हैं।

हिंदू चिंतन को वैश्विक महत्वाकांक्षाओं से जोड़ने का मंच

World Hindu Congress के अध्यक्ष एवं पिरामल ग्रुप के चेयरमैन अजय पीरामल ने अपने संदेश में कहा कि यह सम्मेलन हिंदू चिंतन को वैश्विक महत्वाकांक्षाओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मंच है। इस दिसंबर मुंबई में 60 से अधिक देशों के 4500 से ज्यादा प्रतिनिधियों के एकत्र होने की उम्मीद है, जो इस आयोजन की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अवसर जितने बड़े हैं, उन्हें सफल बनाने की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

सम्मेलन के सह-अध्यक्ष के रूप में विशाद मफतलाल और महेश भागचंदका को नियुक्त किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इस बार सम्मेलन में नेटवर्किंग, विचारों के आदान-प्रदान और ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न देशों में सक्रिय हिंदू नेताओं, विचारकों और सामाजिक संगठनों के बीच सार्थक सहयोग को बढ़ावा देना है।

 

क्या है World Hindu Congress

World Hindu Congress एक अंतरराष्ट्रीय मंच है, जो ‘यतो धर्मस्ततो जय:’ अर्थात जहां धर्म है, वहां विजय है, के विचार से प्रेरित है। प्रत्येक चार वर्ष में आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन के माध्यम से हिंदू समाज की आर्थिक, शैक्षणिक, मीडिया, राजनीतिक और संगठनात्मक शक्ति को वैश्विक स्तर पर एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाता है। वर्ष 2026 का मुंबई सम्मेलन हिंदू पहचान के प्रति गौरव, सांस्कृतिक चेतना और हिंदू धर्म के प्रति प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *