लाहौर में 27 नवंबर को वर्ल्ड पंजाबी कांफ्रेंस में शामिल होने का मिला है न्योता, पाकिस्तान ने वीजा देने पर विचार करने की जताई है इच्छा
भारत इंफो, नई दिल्ली
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रस्तावित पाकिस्तान दौरे को लेकर केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में फैसला भारत की राष्ट्रीय नीति और विदेश नीति के अनुरूप लिया जाएगा। विदेश मंत्रालय (MEA) ने संकेत दिया है कि पाकिस्तान के साथ मौजूदा कूटनीतिक संबंधों और राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए ही मुख्यमंत्री को राजनीतिक मंजूरी देने पर विचार किया जाएगा।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को नियमित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि भारत की विदेश नीति सभी देशों के साथ संबंधों को लेकर एक समान राष्ट्रीय नीति पर आधारित है और सभी से इसका पालन करने की अपेक्षा की जाती है। विदेश जाने वाले महत्वपूर्ण व्यक्तियों को राजनीतिक मंजूरी देने के अनुरोधों का मंत्रालय अपनी समग्र विदेश नीति के अनुरूप आकलन करता है। जायसवाल ने पाकिस्तान के संदर्भ में भारत के रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर भारत की स्थिति सभी को स्पष्ट होनी चाहिए। उनके इस बयान को मान के संभावित पाकिस्तान दौरे के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मुख्यमंत्री को दौरे की अनुमति दी जाएगी या नहीं।
27 नवंबर को लाहौर में होनी है कांफ्रेंस
दरअसल, भगवंत मान को पाकिस्तान के लाहौर में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाली चौथी इंटरनेशनल वर्ल्ड पंजाबी कांफ्रेंस में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण मिला है। यह सम्मेलन लाहौर के पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लैंग्वेज, आर्ट एंड कल्चर (PILAC) में आयोजित किया जाना है। मान ने 23 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा में इस निमंत्रण का जिक्र करते हुए पाकिस्तान जाने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि पंजाब और पाकिस्तान के लोगों की संस्कृति काफी हद तक समान है और सम्मेलन में पंजाब के कई कवि भी शामिल होंगे।
पाकिस्तान ने वीजा देने पर जताई है इच्छा
इससे पहले 6 नवंबर को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा था कि यदि भगवंत मान पाकिस्तान आना चाहते हैं तो उनकी सरकार वीजा जारी करने पर विचार करेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि मान को भारत सरकार यात्रा की अनुमति देती है या नहीं, यह अलग मामला है।पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने भी मान को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां और अन्य विधायकों को भी करतारपुर साहिब सहित पाकिस्तान स्थित धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आमंत्रित किया था।
करतारपुर कॉरिडोर खोलने की भी उठाई मांग
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान जाने की इच्छा जताने के साथ ही करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खोलने की मांग भी उठाई थी। उनका कहना था कि कॉरिडोर खुलने से पंजाब के विधायक दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पाकिस्तान स्थित सिख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। फिलहाल मान के पाकिस्तान दौरे पर अंतिम फैसला विदेश मंत्रालय की राजनीतिक मंजूरी और भारत की राष्ट्रीय विदेश नीति के आधार पर ही होगा।