सांवले रंग का हेलमेट पहना व्यक्ति शीशे पर हाथ मारकर रुकवाता हैं वाहन
पीछे से टक्कर मारने का आरोप लगाकर करते हैं वसूली
बैंक अधिकारी से 6 हजार रुपये छीने, आज फिर एक बुजुर्ग को बनाया निशाना
भारत इंफो, जालंधर
शहर में कार चालकों को निशाना बनाकर ठगी और लूटपाट करने वाले एक गिरोह की गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ गई है। गढ़ा रोड रेलवे क्रॉसिंग के आसपास इस गिरोह के सक्रिय होने की सूचना है। गिरोह के सदस्य सड़क पर कार चालकों और विशेष कर उम्र दराज कार चालको को रोककर पहले उन पर पीछे से टक्कर मारने का आरोप लगाते हैं और फिर उन्हें धमकाकर हजारों रुपये ऐंठ लेते हैं। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय लोगों के अनुसार इस तरह की घटनाएं सामने आने के बावजूद पुलिस की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट कार्रवाई सार्वजनिक नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गिरोह में शामिल एक सांवले रंग का भारी-भरकम व्यक्ति मोटरसाइकिल या एक्टिवा पर हेलमेट पहनकर घूमता है। वह खासतौर पर उम्रदराज लोगों की कार को निशाना बनाता है। अचानक कार के शीशे पर जोर से हाथ मारकर चालक को रुकने का इशारा करता है। इसके बाद आरोप लगाता है कि कार चालक ने पीछे से उसके वाहन को टक्कर मारी है।
कार रुकते ही वह बुजुर्ग चालक को वाहन से नीचे उतारकर एक तरफ ले जाता है और डराने-धमकाने लगता है। इसी दौरान उसके कुछ अन्य साथी भी मौके पर पहुंच जाते हैं। ये लोग खुद को घटना का चश्मदीद बताकर कार चालक पर दबाव बनाते हैं और कहते हैं कि उन्होंने टक्कर होते हुए देखी है। इस तरह बुजुर्ग चालक को विवाद और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर हजारों रुपये देने के लिए मजबूर किया जाता है।
बैंक अधिकारी से ऐंठे 6 हजार रुपये
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अर्बन एस्टेट निवासी एक बैंक अधिकारी भी इसी तरीके से गिरोह का शिकार बने थे। आरोप है कि उन्हें रोककर विवाद खड़ा किया गया और उनसे 6,000 रुपये छीन लिए गए। आज भी इसी तरह एक बुजुर्ग कार चालक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन संयोग से वहां से गुजर रहे एक जागरूक राहगीर ने पूरा घटनाक्रम देख लिया। उसने समय रहते हस्तक्षेप किया, जिससे बुजुर्ग को गिरोह के चंगुल में फंसने से बचा लिया गया।
गढ़ा रोड रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने वाले रहें सतर्क
इस तरह की घटनाओं ने गढ़ा रोड रेलवे क्रॉसिंग के आसपास से गुजरने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्ग कार चालकों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों की मांग है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके में गश्त बढ़ाए, सीसीटीवी कैमरों की जांच करवाए और ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करे।
कार चालकों को भी सलाह है कि यदि कोई अनजान व्यक्ति अचानक शीशे पर हाथ मारकर गाड़ी रुकवाता है और पीछे से टक्कर मारने का आरोप लगाता है तो घबराकर सड़क किनारे सुनसान जगह पर न जाएं। विवाद की स्थिति में सुरक्षित सार्वजनिक स्थान पर रुकें, पुलिस को 112 पर सूचना दें और बिना सत्यापन किसी को पैसे न दें।
गढ़ा रोड रेलवे क्रॉसिंग के आसपास से गुजरते समय सतर्क रहें। कहीं ऐसा न हो कि मामूली टक्कर के नाम पर आपको भी इस कथित गिरोह का अगला निशाना बना लिया जाए।