तीन हेलिकॉप्टरों के काफिले में एक उड़ान भरने में रहा नाकाम, प्रधानमंत्री मोदी दूसरे हेलिकॉप्टर से हुए रवाना; मरम्मत के लिए पहुंची तकनीकी टीम
भारत इंफो, (कर्नाटक)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर्नाटक दौरे के दौरान उनके काफिले में शामिल भारतीय वायुसेना (IAF) के एक हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने का मामला सामने आया है। खराबी के चलते हेलिकॉप्टर मैसूरु के जयचामराजा वाडियार हेलीपैड पर ही खड़ा रह गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके काफिले के अन्य सदस्य बाकी दो हेलिकॉप्टरों में से एक के जरिए अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स और समाचार एजेंसी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को दोपहर करीब 3:20 बजे मैसूरु पहुंचे थे। यहां उन्होंने COSMOS-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन किया। उनके दौरे के लिए तीन हेलिकॉप्टर हेलीपैड पर उतरे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब काफिला रवाना होने की तैयारी कर रहा था, तभी एक हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी सामने आई। इसके कारण वह उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद प्रधानमंत्री और उनके साथ मौजूद अन्य सदस्य बाकी हेलिकॉप्टरों के जरिए रवाना हो गए।
मरम्मत के लिए पहुंची तकनीकी टीम, पुलिस ने की घेराबंदी
हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए भारतीय वायुसेना के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। विमान की मरम्मत का काम किया जा रहा है, ताकि उसे दोबारा उड़ान के योग्य बनाया जा सके। सुरक्षा के मद्देनजर मैसूरु पुलिस ने ललित महल के नजदीक स्थित हेलीपैड के आसपास घेराबंदी कर दी है। मैसूरु नगर निगम के कर्मचारियों को भी मौके पर तैनात किया गया है।
खराबी की वजह पर आधिकारिक जानकारी नहीं
फिलहाल हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की वास्तविक वजह को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि विमान को दोबारा उड़ान के लिए तैयार होने में कितना समय लगेगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 13 नवंबर को कर्नाटक के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने बेंगलुरु और मैसूरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।