भारत इंफो : जालंधर में 27 अक्टूबर से बहुप्रतीक्षित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का धमाकेदार आगाज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विशेष प्रयासों के चलते रिकॉर्ड मात्र 4 महीनों के भीतर तैयार किए गए इस विश्वस्तरीय स्टेडियम का भव्य उद्घाटन कल शाम 5 बजे खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे। टूर्नामेंट के शुरू होने से ठीक एक दिन पहले सभी 6 टीमों के कप्तानों ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया, जिसमें सभी ने इस प्रतियोगिता को लेकर अपने उत्साह और तैयारियों को साझा किया।
खिलाड़ियों का है बेहतरीन प्रदर्शन पर फोकस
प्रेस वार्ता के दौरान कप्तानों ने कहा कि यह टूर्नामेंट उनके लिए बेहद खास है। सभी टीमों की यही कोशिश रहेगी कि मैदान पर वे अपना शत-प्रतिशत प्रदर्शन दें। कप्तानों ने यह भी बताया कि उनकी टीमों में कुछ नए युवा खिलाड़ी भी शामिल हुए हैं, जिन्हें कम अनुभव जरूर है लेकिन वे टीम की रणनीति अच्छी तरह समझते हैं। उनका यह भी कहना था कि नए खिलाड़ी बिना किसी दबाव के खुलकर खेलें और अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दें।
मलेशियाई कप्तान ने की भारतीय खिलाड़ी मनप्रीत की तारीफ
एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने की उपलब्धि पर मलेशियाई कप्तान ने गर्व महसूस करते हुए कहा कि वे इस टूर्नामेंट में भी अपनी बेहतरीन लय को बरकरार रखेंगे। इस दौरान मलेशियाई कप्तान ने भारतीय टीम के अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह के शानदार खेल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले मुकाबलों में मनप्रीत का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था, जिसे ध्यान में रखते हुए उनकी टीम इस बार और अधिक सतर्क और बेहतर खेल का प्रदर्शन करना चाहती है।
पंजाब में पहली बार खेल रही हैं टीमें
कई टीमों के कप्तानों ने पहली बार पंजाब में आकर खेलने को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वे किसी भी विरोधी टीम को कमजोर या कमतर नहीं आंक रहे हैं, क्योंकि इस बड़े मंच पर उतरने वाली सभी टीमें कड़ी तैयारी के साथ आई हैं। इसके अलावा, हाल ही में जापान में हुए टूर्नामेंट में भारतीय टीम के बेहतरीन प्रदर्शन की भी सराहना की गई।