loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 26°C
Breaking News

जालंधर बस्ती बावा खेल से अगवा हुआ 4 साल का बच्चा बरामद, पुलिस की कार्रवाई से मिली सफलता

भारत इंफो : जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके से अगवा किए गए 4 साल के बच्चे को कमिश्नरेट पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अपहरणकर्ता बच्चे को बस स्टैंड के पास छोड़कर फरार हो गए थे। देर रात पुलिस ने बच्चे को बरामद करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।

घर के बाहर खेल रहा था बच्चा, एक्टिवा सवार युवकों ने किया अगवा
एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया के मुताबिक, घटना 17 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे पन्नू विहार इलाके में हुई। 4 साल का कुंज घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर बच्चे को अगवा कर अपने साथ ले गए। बच्चे के लापता होने के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बस्ती बावा खेल में केस दर्ज किया गया और बच्चे की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।

CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने तेज की तलाश
बच्चे को खोजने के लिए पुलिस टीमों ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने बच्चे की तलाश का दायरा बढ़ाया। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच बच्चे को बस स्टैंड के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, अपहरणकर्ता बच्चे को वहां छोड़कर फरार हो गए थे। इसके बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर बच्चे को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
कमिश्नरेट पुलिस ने बच्चे की तलाश में सहयोग करने वाले परिवार, आम लोगों, सोशल मीडिया और मीडिया संस्थानों का आभार जताया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के लापता होने या आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *