Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

कनाडा में दर्दनाक हादसा, पंजाबी युवक की जिंदा जलकर मौत; दो कारों में हुई भीषण टक्कर

भारत इंफो : कनाडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाबी युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा फैलोफील्ड रोड और ओल्ड रिचमंड रोड पर हुआ, जहां युवक की होंडा CR-V की दूसरी कार से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन करीब 25 फीट दूर जाकर गिरे और देखते ही देखते उनमें आग लग गई।

कार में फंसा रहा युवक, आग की लपटों ने घेरा
हादसे के बाद होंडा CR-V में सवार पंजाबी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटों के कारण वह कार से बाहर नहीं निकल पाया। कुछ ही देर में कार में आग लग गई और आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों के लिए भी वाहन तक पहुंचना मुश्किल हो गया।

ओटावा फायर सर्विसेज और पुलिस के अनुसार, हादसा होंडा CR-V और किया सोरेंटो के बीच सीधी टक्कर के कारण हुआ था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद होंडा की अगली सीट पर युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। कार में उसके अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। पैरामेडिक्स ने युवक को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया।

दूसरी कार का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में किया सोरेंटो का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। रेस्क्यू टीम ने उसे कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि आखिर दोनों वाहनों के बीच टक्कर किसकी लापरवाही के कारण हुई।

टांडा पहुंची मौत की खबर, इलाके में छाया मातम
हादसे में पंजाबी युवक ब्रह्मजोत की मौत की खबर जैसे ही टांडा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार को सांत्वना देने और दुख साझा करने के लिए रिश्तेदारों व परिचितों का पहुंचना शुरू हो गया। युवक की दर्दनाक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना की जिम्मेदारी और टक्कर के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *