Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

स्कूल में अचानक फैली आग और फिर मची चीख-पुकार, 19 लड़कियों समेत 26 की मौत

भारत इंफो : कांगो के बुकावु शहर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक घर में लगी भीषण आग देखते ही देखते आसपास के दो स्कूलों तक फैल गई। हादसे में 26 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 29 छात्र घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 19 लड़कियां और 7 लड़के शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर से शुरू हुई आग स्कूलों तक पहुंची
जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले एक घर में लगी थी। इसके बाद आग तेजी से फैलते हुए फुराहा सेकेंडरी स्कूल और उजामा प्राइमरी स्कूल तक पहुंच गई। आग के समय स्कूल में मौजूद कई छात्र अंदर ही फंस गए। आग फैलने के बाद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने स्कूल की खिड़कियों से छलांग लगा दी, जबकि कई छात्र दरवाजे की तरफ भागने लगे।

बाहर निकलने की कोशिश में मची भगदड़
एक साथ बड़ी संख्या में छात्रों के बाहर निकलने की कोशिश करने के कारण वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई छात्र गिर गए और उनके ऊपर से लोग गुजर गए। बताया जा रहा है कि इस अफरा-तफरी में कई छात्रों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कुछ छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर पुलिस और रेस्क्यू टीमें पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल के आसपास के इलाके को सुरक्षा के मद्देनजर सील कर दिया गया है।

आग लगने की वजह का पता नहीं चला
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिस इलाके से आग शुरू हुई, वह घनी आबादी वाला बताया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से आग लगने के कारण और हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *