भारत इंफो : पंजाब के मुख्यमंत्री का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ पुलिस ने रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
बैरिकेड पर चढ़कर आगे बढ़ने की कोशिश
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। करीब आधे घंटे तक प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार करने का प्रयास करते रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
राजा वड़िंग समेत कई नेता हिरासत में
लगातार विरोध प्रदर्शन के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाया और उन्हें सेक्टर-11 थाने ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी तनाव देखने को मिला। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग और अन्य इंतजाम किए गए थे।
प्रदर्शन में कांग्रेस की एकजुटता पर उठे सवाल
इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी एकजुटता को लेकर भी सवाल खड़े हुए। पार्टी की ओर से पंजाब का प्रभारी बदले जाने के बाद आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई बड़े नेता नजर नहीं आए। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की चर्चा रही। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग कई वरिष्ठ नेताओं को मंच पर एकजुट करने में सफल रहे।