Saturday, September 12, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

लुधियाना के सरकारी स्कूल में टीचर की मौत, क्लासरूम में अचानक बिगड़ी थी तबीयत

भारत इंफो : लुधियाना के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में उस समय मातम छा गया, जब क्लासरूम में बच्चों के बीच मौजूद हेड टीचर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। हेड टीचर हर रोज की तरह स्कूल में बच्चों की क्लास का राउंड ले रहे थे। इसी दौरान वह प्री-प्राइमरी क्लास में पहुंचे और बच्चों व वहां मौजूद टीचर से बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान अचानक उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की। क्लास में मौजूद एक टीचर ने उन्हें पानी देने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने पानी का गिलास पकड़ा, वह अचानक मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े।

साथी टीचर्स ने CPR देकर बचाने की कोशिश की
हेड टीचर के जमीन पर गिरते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। साथी टीचर तुरंत क्लासरूम में पहुंचे और उन्हें संभालने की कोशिश की। उनकी हालत गंभीर देखते हुए टीचर्स ने उन्हें CPR भी दी। इसके बाद उन्हें मोहल्ला क्लिनिक ले जाया गया। वहां से एंबुलेंस बुलाकर हेड टीचर को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2 महीने पहले नशेड़ियों ने किया था हमला
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ से दो महीने पहले हेड टीचर की ड्रग सेंसस की ड्यूटी लगी थी। गांव में नशे के खिलाफ सर्वे के दौरान कुछ नशेड़ियों ने कथित तौर पर उन पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में उनकी छाती पर गंभीर चोट लगी थी।
अब अचानक क्लासरूम में उनकी मौत के बाद इस घटना को उस पुराने हमले से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
हेड टीचर की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन डीएमसी अस्पताल पहुंच गए।अपने परिवार के सदस्य को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार और स्कूल स्टाफ में शोक की लहर है। हेड टीचर का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव ललतों में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *