loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

इटली जाने का सपना पड़ा भारी! जालंधर का युवक को युगांडा में किया किडनैप, मांगी 58 फिरौती

भारत इंफो : जालंधर के फिल्लौर के रहने वाले राकेश कुमार का विदेश जाकर परिवार का भविष्य संवारने का सपना उस समय डरावने अनुभव में बदल गया, जब कथित तौर पर ट्रैवल एजेंटों के जरिए विदेश पहुंचने के बाद उसे एक गिरोह ने अगवा कर लिया। परिवार का आरोप है कि राकेश को इटली भेजने के नाम पर पहले केन्या और फिर युगांडा पहुंचाया गया। अब कथित किडनैपर उसकी रिहाई के बदले 70 हजार डॉलर यानी करीब 58 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन और सरकार से बेटे की सुरक्षित वापसी करवाने और आरोपी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

9.50 लाख रुपये में तय हुआ था इटली भेजने का सौदा
राकेश के पिता कश्मीर लाल के मुताबिक, उन्होंने बेटे को इटली भेजने के लिए इटली में रह रहे परमजीत सिंह और गांव भारसिंहपुर की एक महिला एजेंट से संपर्क किया था। दोनों के साथ राकेश को इटली भेजने का सौदा 9 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ था।
एजेंटों ने परिवार को बताया था कि राकेश को पहले केन्या भेजा जाएगा और वहां से इटली की फ्लाइट करवाई जाएगी। समझौते के मुताबिक 2 लाख रुपये एडवांस में महिला एजेंट के भाई को दिए गए थे, जबकि बाकी रकम इटली पहुंचने के बाद देने की बात तय हुई थी। इसके बाद 5 अगस्त को राकेश को जयपुर से दुबई में स्टे वाली फ्लाइट के जरिए केन्या भेज दिया गया।

केन्या पहुंचते ही बंधक बनाने का आरोप
परिवार के मुताबिक, केन्या पहुंचने के बाद वहां मौजूद एक गिरोह ने राकेश और उसके साथ गए दो अन्य पंजाबी युवकों को कथित तौर पर बंधक बना लिया। आरोप है कि तीनों युवकों के साथ मारपीट की गई। 6 अगस्त को परिजनों के व्हाट्सएप पर राकेश और अन्य युवकों की पिटाई का वीडियो भी भेजा गया। इसके बाद परिवार को फोन कर राकेश को छोड़ने के बदले 5 घंटे के भीतर 70 हजार डॉलर यानी करीब 58 लाख रुपये देने की धमकी दी गई।

‘खान बाबा’ ने बताया युगांडा में है राकेश
राकेश के पिता ने बताया कि फोन करने वाला व्यक्ति खुद को ‘खान बाबा’ बता रहा था और शुरुआत में पंजाबी भाषा में बात कर रहा था। बाद में उसने अंग्रेजी में मैसेज भेजने शुरू किए। कथित किडनैपर ने बताया कि राकेश को युगांडा ले जाया गया है। आरोपी ने दावा किया कि इटली में मौजूद एजेंट परमजीत सिंह के साथ उसका पैसों का लेनदेन बाकी है। कथित तौर पर इसी पैसे की वसूली के लिए राकेश को बंधक बनाया गया है। उसने कहा कि परमजीत सिंह द्वारा पैसे चुकाने के बाद राकेश को छोड़ दिया जाएगा।

एजेंट ने फोन उठाना किया बंद, पुलिस में शिकायत
परिवार के मुताबिक 7 अगस्त के बाद से ‘खान बाबा’ की ओर से सिर्फ व्हाट्सएप मैसेज मिल रहे हैं। परेशान परिजनों ने जब इटली में मौजूद एजेंट परमजीत सिंह और उसकी महिला सहयोगी से संपर्क किया तो उन्होंने राकेश को छुड़ाने या पैसे वापस दिलाने का भरोसा दिया। हालांकि, इसके बाद परमजीत सिंह ने परिवार के फोन उठाने बंद कर दिए। खुद को ठगी और धोखाधड़ी का शिकार महसूस करने के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर संबंधित ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं परिवार लगातार अपने बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *