loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 28°C
Breaking News

जालंधर में बेटे ने पिता-पत्नी को उतारा मौत के घाट, स्कूल से लौटे बच्चों ने बताई पूरी दास्तां

भारत इंफो : जालंधर के अवतार नगर में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने पिता और पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना में 65 वर्षीय अयोध्या प्रकाश और 38 वर्षीय सरिता की मौत हो गई। आरोपी की पहचान 42 वर्षीय हीरा लाल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी था और अक्सर नशे के लिए परिवार से पैसे मांगता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी उसने पिता से पैसे मांगे, लेकिन पैसे देने से इनकार करने के बाद विवाद हो गया। सुबह करीब 10 बजे आरोपी के चारों बच्चे स्कूल चले गए थे। इसी दौरान घर में विवाद हुआ और दोनों पर हमला कर दिया गया।

स्कूल से लौटे बच्चों ने देखे मां और दादा के शव
पुलिस के अनुसार, आरोपी के चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब 10 से 15 साल के बीच है। बच्चे सुबह स्कूल चले गए थे। दोपहर में जब वे वापस घर पहुंचे और दरवाजा खोला तो अंदर खून बिखरा हुआ था। उन्होंने मां सरिता और दादा अयोध्या प्रकाश के शव पड़े देखे। बच्चों के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

क्रिकेट बैट और जग से किया हमला
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घर में मौजूद क्रिकेट बैट और जग से दोनों पर कई वार किए। पुलिस को मृतकों के सिर, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस फिलहाल घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।

बुजुर्ग मां ऊपर कमरे में मिलीं सुरक्षित
घटना के समय आरोपी की बुजुर्ग मां भी घर में मौजूद थीं। वह ऊपर के कमरे में थीं और चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण नीचे नहीं आईं। पुलिस के मुताबिक, वह सुरक्षित मिली हैं। दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *