भारत इंफो : पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग ने अपने पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। फतेहगढ़ साहिब में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल की मौजूदगी में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए वड़िंग ने कहा कि अध्यक्ष पद उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठा सबसे अहम होती है और पद हमेशा प्राथमिकता नहीं हो सकता। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें बहुत सम्मान और जिम्मेदारियां दी हैं। यदि भविष्य में पार्टी उनका टिकट भी काट देती है, तब भी वह कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ेंगे।
‘पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया’
राजा वड़िंग ने कहा कि वह चार बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं, इसलिए उनके लिए किसी पद से ज्यादा पार्टी का विश्वास मायने रखता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें पहचान और अवसर दिए हैं, इसलिए वह हर परिस्थिति में पार्टी के साथ खड़े रहेंगे।
भाषण में अमर सिंह का किया जिक्र
राजा वड़िंग ने कहा कि राहुल गांधी कभी अमर सिंह को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन उन्होंने यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई नेता अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर आगे बढ़े हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी मेहनत और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
‘अब चुनाव फोन पर लड़े जाते हैं’
राजा वड़िंग ने बदलते राजनीतिक माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले लड़ाइयां बंदूक और टैंकों से लड़ी जाती थीं, लेकिन अब ड्रोन का दौर है। इसी तरह राजनीति भी बदल चुकी है। अगर राजनीतिक दल समय के साथ खुद को नहीं बदलेंगे तो नुकसान उठाना पड़ेगा। आज चुनाव केवल मैदान में नहीं, बल्कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पर भी लड़े जाते हैं।
भूपेश बघेल के दौरे से तेज हुई संगठनात्मक गतिविधियां
राजा वड़िंग के बयान ऐसे समय में आए हैं, जब पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल 10 दिनों के पंजाब दौरे पर हैं। इस दौरान वह बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर संगठन की स्थिति का आकलन करेंगे। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत सरहिंद और फतेहगढ़ साहिब से की है।