भारत इंफो: जालंधर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ, जहां तेज रफ्तार फॉक्सवैगन कार सड़क पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दोनों युवकों की जान चली गई।
बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे थे दोनों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद फॉक्सवैगन कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। कार चालक को इसका अंदाजा नहीं लगा और कार सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्पीड रिकॉर्ड और पप्पी स्वीट्स के मालिकों के बेटे थे मृतक
मृतकों की पहचान मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश के बेटे दिवित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर से परिवारों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों के शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।