loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

जालंधर डबल मर्डर केस में बड़ी कार्रवाई, पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी शुभम गुल्लू

भारत इंफो : जालंधर के तिलक नगर में 12 जून को हुए चर्चित डबल मर्डर केस में फरार चल रहे आरोपी शुभम उर्फ गुल्लू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के घुटने में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नाखा वाले बाग के पास नाकेबंदी की गई थी। इसी दौरान शुभम गुल्लू वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी 4 राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के घुटने में गोली लगी और वह घायल हो गया।

12 जून को हुई थी दो युवकों की हत्या
पुलिस के अनुसार, 12 जून को भार्गव कैंप क्षेत्र में 24 वर्षीय सिमरनजीत सिंह और 23 वर्षीय सौरभ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सौरभ ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान अगले दिन दम तोड़ दिया था। इस वारदात के बाद से शुभम गुल्लू फरार चल रहा था।

घात लगाकर किया गया था हमला
पीड़ित परिवार की शिकायत के मुताबिक, घटना वाले दिन शुभम गुल्लू और उसके साथी पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही सिमरनजीत सिंह और सौरभ अस्पताल जाने के लिए निकले, आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में दोनों युवकों की मौत हो गई थी।

गैंग कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में शुभम गुल्लू का संबंध जोगा फोल्ड़ीवाल और करण सहगल गैंग से सामने आया है। मामले में करण सहगल को भी नामजद किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *