loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

जालंधर में मेले के दौरान भड़के पंजाबी सिंगर खान साहब, हुड़दंग मचाने वाले युवाओं को लगाई फटकार

भारत इंफो : जालंधर के नकोदर में आयोजित बापू लाल बादशाह मेले के दौरान पंजाबी गायक खान साहब उस समय नाराज हो गए, जब कार्यक्रम के दौरान कुछ युवाओं ने लगातार हुड़दंग और हूटिंग शुरू कर दी। मंच से उन्होंने कई बार युवाओं से अपनी जगह पर बैठने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग लगातार शोर-शराबा करते रहे।

‘पुलिस डंडे चलाएगी तो क्या तब मजा आएगा’
लगातार हो रही अव्यवस्था से नाराज खान साहब ने कहा कि यदि लोग नहीं मानेंगे तो पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि इतनी गर्मी में सभी लोग आराम से बैठकर कार्यक्रम का आनंद लें। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार हो रही हूटिंग और धक्का-मुक्की से किसी की तबीयत बिगड़ सकती है या हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थिति भी पैदा हो सकती है, जिसे वह बिल्कुल नहीं चाहते।

मैनेजमेंट ने भी दी कार्यक्रम रोकने की चेतावनी
स्थिति को संभालने के लिए कार्यक्रम की मैनेजमेंट टीम ने भी मंच से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। जब इसके बावजूद भी कुछ युवक नहीं माने तो आयोजकों ने स्पष्ट कर दिया कि यदि दर्शक नहीं बैठेंगे तो खान साहब का कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया जाएगा।

अनुशासन लौटने के बाद शुरू हुआ कार्यक्रम
खान साहब ने कहा कि उन्हें साल में केवल एक बार इस मेले में आने का अवसर मिलता है और दर्शकों के कारण उनका कीमती समय भी बर्बाद हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपने उत्साह पर नियंत्रण रखने, एक-दूसरे की सुरक्षा का ध्यान रखने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। आखिरकार जब दर्शक शांत होकर बैठ गए, तब खान साहब ने अपना कार्यक्रम दोबारा शुरू किया और फिल्म धुरंधर के गीत प्रस्तुत कर मेले में मौजूद लोगों का मनोरंजन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *