loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 29°C
Breaking News

वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, जालंधर-लुधियाना से शुरू होगी AC वॉल्वो बस सेवा

भारत इंफो : मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। पंजाब रोडवेज पहली बार जालंधर और लुधियाना से जम्मू-कटरा के लिए एसी वॉल्वो बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इस नई सुविधा के तहत यात्रियों को सरकारी किराए पर सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा। जानकारी के अनुसार, यह बस सेवा सोमवार से नियमित रूप से प्रतिदिन संचालित की जाएगी।

ट्रेनों की लंबी वेटिंग और महंगे किराए से मिलेगी राहत
गर्मी की छुट्टियों और त्योहारों के दौरान मां वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे समय में ट्रेनों में लंबी वेटिंग और निजी बस ऑपरेटरों द्वारा वसूले जाने वाले अधिक किराए के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई सरकारी वॉल्वो बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को कम खर्च में बेहतर यात्रा सुविधा मिल सकेगी।

लुधियाना से चलकर जालंधर होते हुए पहुंचेगी कटरा
पंजाब रोडवेज की सुपरफास्ट एसी वॉल्वो बस लुधियाना से रवाना होगी और जालंधर बस स्टैंड से होकर जम्मू-कटरा के लिए आगे जाएगी। हाल ही में पंजाब रोडवेज ने आधुनिक यूरो-6 वॉल्वो बसों की नई खेप खरीदी है। इन नई बसों को फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट रूट पर संचालित किया जा रहा है, जबकि वहां से उपलब्ध हुई पुरानी वॉल्वो बसों को अब अधिक मांग वाले नए रूटों पर लगाया जा रहा है।

अन्य धार्मिक रूटों पर भी शुरू हो सकती हैं नई सेवाएं
रोडवेज विभाग के अनुसार, जालंधर डिपो को दिल्ली रूट के लिए तीन नई वॉल्वो बसें मिलने के बाद कटरा रूट पर बस सेवा शुरू करना संभव हो पाया है। अधिकारियों का मानना है कि श्रद्धालुओं से इस सेवा को अच्छा प्रतिसाद मिलेगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि यात्रियों की मांग और फीडबैक के आधार पर भविष्य में पंजाब के अन्य प्रमुख शहरों से भी कटरा और अन्य धार्मिक स्थलों के लिए नई बस सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *