भारत इंफो : पंजाब के बठिंडा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दौरे से ठीक पहले बीजेपी नेता और डॉक्टर तरसेम गर्ग के हैनमैन क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। हालांकि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन क्लिनिक के गेट के अंदर खड़ी एक एक्टिवा आग की चपेट में आ गई।
नकाबपोश हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, देर रात दो नकाबपोश युवक हैनमैन क्लिनिक के बाहर पहुंचे। एक हमलावर क्लिनिक के गेट के बाहर खड़े होकर बोतल में आग लगा रहा था, जबकि दूसरा पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। इसके बाद हमलावर ने जलती हुई बोतल क्लिनिक परिसर के अंदर फेंक दी, जिससे वहां खड़ी एक्टिवा में आग लग गई।
लोगों के जुटते ही फरार हुए आरोपी
घटना के समय क्लिनिक के अंदर मौजूद व्यक्ति ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र होने लगे। लोगों को आता देख दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्लिनिक संचालक डॉ. तरसेम गर्ग से भी पूछताछ की और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
डॉ. तरसेम गर्ग ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले कभी किसी प्रकार की धमकी भी नहीं मिली। ऐसे में हमले के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।