loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 41°C
Breaking News

जालंधर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, गुरु नानकपुरा और गढ़ा फाटक पर बनेंगे ओवरब्रिज

भारत इंफो : जालंधर सेंट्रल और कैंट विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर के सबसे व्यस्त रेलवे फाटकों में शामिल गुरु नानकपुरा रेलवे फाटक और बस स्टैंड के निकट स्थित गढ़ा रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने का रास्ता साफ हो गया है। रेल मंत्रालय ने दोनों परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है, जिससे हजारों लोगों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलने की उम्मीद है।

112 करोड़ रुपए की लागत से होंगे तैयार
भाजपा नेताओं के अनुसार, दोनों रेलवे ओवरब्रिजों के निर्माण पर करीब 112 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने इस फैसले के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इससे जालंधर के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से छुटकारा मिलेगा। जानकारी के मुताबिक इन परियोजनाओं के टेंडर भी मंजूर हो चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू जल्द ही दोनों ओवरब्रिज परियोजनाओं का औपचारिक उद्घाटन कर सकते हैं। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

गुरु नानकपुरा फाटक पर रहता है भारी दबाव
गुरु नानकपुरा रेलवे फाटक जालंधर के सबसे व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग में से एक है। यहां से प्रतिदिन 100 से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है। फाटक के आसपास स्थित करीब एक दर्जन कॉलोनियों के हजारों लोग रोजाना इस मार्ग का उपयोग करते हैं। बार-बार फाटक बंद होने से लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है।

गढ़ा फाटक पर भी मिलेगी राहत
बस स्टैंड से पिम्स अस्पताल जाने वाले मार्ग पर स्थित गढ़ा रेलवे फाटक पर भी ट्रैफिक का दबाव काफी अधिक रहता है। फाटक बंद होने के दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं। ओवरब्रिज बनने के बाद इस समस्या में काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है।

रेल मंत्रालय उठाएगा पूरा खर्च
बताया जा रहा है कि दोनों ओवरब्रिजों का निर्माण और उसका पूरा खर्च रेल मंत्रालय स्वयं वहन करेगा। वहीं सूत्रों के अनुसार पंजाब में करीब 94 रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण की मंजूरी भी दी गई है, जिससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *