loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

“मुझे गद्दार कहने वाले पहले अपने नेताओं से सवाल करें”, ट्रोलर्स पर भड़के हरभजन सिंह

भारत इंफो : पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह मोहाली में बच्ची की किडनैपिंग के मामले पर सोशल मीडिया पोस्ट करने के बाद लगातार ट्रोलर्स के निशाने पर बने हुए हैं। शुक्रवार को दूसरे दिन भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें लेकर बहस जारी रही।

भज्जी ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा कि समय आने पर हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने लिखा कि उन्होंने किसी भी नेता को गाली नहीं दी, लेकिन उन्हें गद्दार कहा जा रहा है।

पंजाब की राजनीति को लेकर लगाए गंभीर आरोप
हरभजन सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें गद्दार कहने वाले पहले अपने नेताओं से पूछें कि पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बेची गई थी। उन्होंने आगे दावा किया कि जरूरत पड़ने पर वह बताएंगे कि किसे कितना “चढ़ावा” दिया गया और किसकी तरफ से दिया गया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को लूटने और कुछ लोगों तक फायदा पहुंचाने के लिए कई तरह के खेल खेले गए।

मोहाली में बच्ची किडनैपिंग के बाद उठाया था मुद्दा
दरअसल, मोहाली के कुराली इलाके में 21 मई को दादा-दादी के सामने एक बच्ची के कथित अपहरण का मामला सामने आया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हरभजन सिंह ने इसी वीडियो को टैग करते हुए पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव से मामले में कार्रवाई करने की मांग की इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उनके राजनीतिक रुख और पार्टी छोड़ने को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *