भारत इंफो : पंजाब के गुरदासपुर में पुश्तैनी जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जिले के गांव नैनेकोट में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान अजायब सिंह (52) और उनकी पत्नी कमल कौर (50) के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में बड़े भाई अमरजीत सिंह उर्फ अंबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने पहले अपने छोटे भाई अजायब सिंह का पीछा किया और गांव के बाहर पोल्ट्री फार्म की ओर जाने वाले रास्ते में गोली मार दी। उस समय अजायब सिंह सैर कर रहे थे। इसके बाद आरोपी घर पहुंचा और अंदर घुसकर अपनी भाभी कमल कौर पर गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिवॉल्वर से दिया वारदात को अंजाम
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ अंबा ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। वारदात के बाद सूचना मिलते ही थाना भैणी मियां खां की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
मृतकों के रिश्तेदार हरजीत सिंह ने बताया कि तीनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन-जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार पहले जमशेदपुर के टाटा नगर इलाके में रहता था, लेकिन बाद में अपने पैतृक गांव नैनेकोट आकर अलग-अलग मोहल्लों में रहने लगा। बताया जा रहा है कि गांव की करीब 9 किल्ले जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले एक साल से कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन मामला सुलझ नहीं पाया। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।