loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

हिमाचल में पंजाब के टूरिस्टों का हंगामा, तलवारों से हमला कर 2 लोगों को किया घायल

भारत इंफो : हिमाचल के बंजार में पंजाब से घूमने आए कुछ युवकों पर तलवारें लहराने और स्थानीय लोगों पर हमला करने के आरोप लगे हैं। इस घटना में दो स्थानीय लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे के गाल पर तलवार लगने से कट लग गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

घटना के बाद इलाके में बढ़ा तनाव
वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार युवकों को हिरासत में लिया। हालांकि इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच भी बहस हो गई। लोगों का आरोप था कि पुलिस आरोपियों को रिश्वत लेकर छोड़ने की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने आरोपों को किया खारिज
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि आरोपियों ने पुलिस को 5 लाख रुपए देने की पेशकश की थी। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी नशे की हालत में थे, लेकिन उनका मेडिकल ठीक तरीके से नहीं करवाया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया। पुलिस के मुताबिक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को जमानती बॉन्ड पर रिहा किया गया है।

लुधियाना के खन्ना के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक लुधियाना के खन्ना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनकी पहचान मंदीप सिंह, प्रदीप सिंह, जश्नप्रीत और प्रीतपाल के रूप में हुई है। चारों युवक घूमने के लिए हिमाचल आए थे। पुलिस के अनुसार 10 मई की शाम को बंजार में उनकी गाड़ी से एक व्यक्ति को टक्कर लग गई थी।

इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान पंजाब से आए दो युवकों ने गाड़ी से तलवार निकालकर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *