loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 31°C
Breaking News

मोहाली में ED रेड 24 घंटे बाद भी जारी, कैश बरामदगी को लेकर सियासत तेज

भारत इंफो : पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मोहाली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई लगातार चर्चा में बनी हुई है। दो रियल एस्टेट ग्रुपों पर की गई रेड 24 घंटे बाद भी जारी रही। इस मामले में मोहाली की वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में रहने वाले IT कारोबारी नितिन गोहिल का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।

विपक्षी दलों ने दावा किया है कि नितिन गोहिल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन का करीबी है। हालांकि सरकार की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है।

9वीं मंजिल से फेंके गए कैश के बैग
मामला उस समय सुर्खियों में आया जब रेड के दौरान सोसाइटी की 9वीं मंजिल से कथित तौर पर कैश से भरे बैग नीचे फेंके गए। बताया जा रहा है कि एक बैग फट गया, जिसके बाद 500 रुपए के नोट हवा में उड़ते दिखाई दिए। ED ने देर शाम जारी प्रेस नोट में कहा कि अब तक करीब 1 करोड़ रुपए की बरामदगी हो चुकी है। इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

ED ने मंत्री अमन अरोड़ा का भी लिया नाम
इस मामले में ED ने पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा का भी जिक्र किया है। एजेंसी का आरोप है कि फर्जी तरीके से चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) हासिल करने और जमीन मालिकों व ग्राहकों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाला एक आरोपी अमन अरोड़ा का करीबी है।

हालांकि अमन अरोड़ा ने इन आरोपों से खुद को अलग बताते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन ईमानदारी से भरा रहा है और वह किसी भी तरह के प्रोपेगेंडा के आगे नहीं झुकेंगे।

CM मान मामले पर दे चुके हैं सफाई
विपक्ष की ओर से OSD राजबीर सिंह घुम्मन के नाम को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के यहां ED की रेड हुई है, उनका सरकार या उनके कार्यालय से कोई संबंध नहीं है।CM मान ने कहा कि ED किसी पुराने मामले की जांच के सिलसिले में पहुंची है और सरकार का उससे कोई लेना-देना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *