loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

मोहाली में ED रेड के दौरान 9वीं मंजिल से फेंका कैश से भरा बैग, 21 लाख बरामद

भारत इंफो : मोहाली के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में वीरवार को उस समय हड़कंप मच गया जब इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की टीम ने आईटी सेक्टर से जुड़े एक व्यक्ति के घर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान किसी ने रिहायशी टावर की नौवीं मंजिल से कैश से भरा बैग नीचे फेंक दिया।

बैग नीचे गिरते ही फट गया और उसमें भरे नोट चारों तरफ बिखर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने अचानक सड़क पर नोट बिखरे देख हैरानी जताई।

बैग लेकर भागने की कोशिश, टीम ने आरोपी को पकड़ा
जानकारी के मुताबिक नीचे पहले से एक व्यक्ति गाड़ी के पास खड़ा था। बैग गिरते ही वह उसे उठाकर मौके से भागने लगा, लेकिन ED टीम की नजर उस पर पड़ गई। टीम ने तुरंत उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। जांच के दौरान बैग से करीब 21 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि बैग में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं।

लाल बैग को सफेद बैग में रखकर नीचे फेंका गया
सूत्रों के अनुसार आरोपी ने पहले नकदी को लाल रंग के बैग में रखा था और फिर उसे सफेद रंग के एक बड़े बैग में डालकर नीचे फेंका। हालांकि ऊंचाई से गिरने के कारण बैग फट गया और नोट बाहर निकल आए। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल ED और अन्य एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं। हालांकि अधिकारी अभी इस कार्रवाई को लेकर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *