loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 30°C
Breaking News

बंगाल में बीजेपी की प्रचंड आंधी, 294 में से 207 सीटों पर बनाई निर्णायक बढ़त

भारत इंफो : पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए आए चुनावी रुझानों और नतीजों ने राज्य की राजनीतिक तस्वीर बदल दी है। भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 186 सीटों पर आधिकारिक जीत दर्ज कर ली है और वह 21 अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

दूसरी ओर, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। टीएमसी के खाते में अब तक 64 सीटें आई हैं और वह 16 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा है और वह केवल 2 सीटों पर ही जीत हासिल कर पाई है, जबकि अन्य के खाते में 4 सीटें गई हैं।

भवानीपुर में सुवेंदु का दबदबा

इस चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला भवानीपुर सीट पर देखा गया, जहाँ भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,114 वोटों के अंतर से पराजित कर दिया है। सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ ममता बनर्जी की यह लगातार दूसरी चुनावी हार है। इससे पहले वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भी सुवेंदु ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था।

ममता बनर्जी के आरोप और पुनर्मतदान की स्थिति

मतगणना के दौरान हार की आहट मिलते ही ममता बनर्जी काउंटिंग सेंटर से बाहर निकल गईं। उन्होंने प्रशासन और विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मतगणना केंद्र के भीतर उन्हें धक्का दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। ममता बनर्जी ने इन चुनावों में धांधली की बात कहते हुए भवानीपुर में दोबारा मतगणना कराने की मांग की है। इसी बीच, निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी है कि फालता विधानसभा सीट पर कुछ कारणों के चलते आगामी 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *