भारत इंफो : अमेरिका के टेक्सास में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां फूड स्टोर में लगी भीषण आग में हरियाणा के एक युवक और पंजाब के रहने वाले स्टोर मालिक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के समय दोनों स्टोर के अंदर ही सो रहे थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
आग इतनी तेज थी कि बचने का मौका नहीं मिला
स्थानीय पुलिस के अनुसार आग बेहद तेजी से फैली। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती और आग पर काबू पाया जाता, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है और मामले की जांच जारी है।
परिवार का इकलौता बेटा था सुखविंद्र
मृतक युवक की पहचान करनाल जिले के गंगाटेहड़ी गांव निवासी सुखविंद्र सिंह (22) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। बेहतर भविष्य की उम्मीद में परिवार ने उसे करीब 50 लाख रुपए खर्च कर डंकी रूट के जरिए अमेरिका भेजा था।
चार साल पहले पहुंचा था अमेरिका
परिजनों के अनुसार, सुखविंद्र करीब चार साल पहले अमेरिका गया था। उसने 12वीं तक पढ़ाई की थी और लंबे संघर्ष के बाद विदेश पहुंचकर टेक्सास में एक फूड स्टोर में काम करने लगा था। सुखविंद्र जिस स्टोर में काम करता था, वह एक पंजाबी व्यक्ति का था। काम खत्म होने के बाद वह वहीं सो जाता था। घटना वाले दिन भी वह और स्टोर मालिक काम के बाद अंदर ही सो रहे थे, तभी अचानक आग लग गई और दोनों अंदर फंस गए।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, लेकिन नहीं बच सकी जान
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। लेकिन तब तक स्टोर पूरी तरह जल चुका था और दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीसरा कर्मचारी उस दिन नहीं था मौजूद
स्टोर में काम करने वाला एक अन्य कर्मचारी घटना वाले दिन वहां मौजूद नहीं था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद वह तुरंत वापस लौटा और उसी ने सुखविंद्र के परिवार को इस दुखद घटना की सूचना दी।