Tuesday, September 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 35°C
Breaking News

पंजाब में बढ़ती गर्मी को लेकर प्रशासन सतर्क, स्कूलों के लिए जारी नए निर्देश

भारत इंफो : पंजाब के मोगा जिले में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए हैं। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

हर घंटे अनिवार्य ‘वॉटर ब्रेक’ का आदेश
डिप्टी कमिश्नर के निर्देशों के अनुसार, हीट वेव के खतरे को देखते हुए अब सभी स्कूलों में हर घंटे के बाद पानी पीने के लिए अनिवार्य ‘वॉटर ब्रेक’ रखा जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिहाइड्रेशन से बचाना और उनकी सेहत को सुरक्षित रखना है। स्कूल प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे छात्रों को नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के लिए प्रेरित करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्कूलों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल हर समय उपलब्ध रहे।

बाहरी गतिविधियों पर रोक, समय में बदलाव
तेज गर्मी को देखते हुए सुबह की प्रार्थना सभाओं, खेल-कूद और अन्य बाहरी गतिविधियों को कम करने या दिन के ठंडे समय में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को सीधे धूप से बचाने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रशासन ने स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों के बीच गर्मी से बचाव के उपायों को लेकर जागरूकता फैलाने की भी हिदायत दी है, ताकि हीट वेव के प्रभाव को कम किया जा सके।

सभी अधिकारियों और स्कूलों को भेजा गया पत्र
डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी और एलीमेंट्री), डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी, बीपीईओ और सभी निजी स्कूलों के प्रमुखों को पत्र जारी कर इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *