loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 43°C
Breaking News

सिलेंडर न मिलने से भड़का गुस्सा, स्थानीय लोगों ने 120 फुटी रोड को किया जाम

भारत इंफो : जालंधर के वेस्ट हलके में 120 फुटी रोड स्थित दमन गैस एजेंसी के बाहर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एजेंसी बंद मिलने और समय पर गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

एजेंसी पर ताला, भटकते रहे उपभोक्ता
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने नियमानुसार गैस बुक करवाई थी, लेकिन कई हफ्तों बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। जब वे एजेंसी पहुंचे तो दफ्तर पर ताला लगा मिला। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन तक नहीं उठाया जा रहा।

प्रदीप कुमार नामक उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने करीब 25 दिन पहले सिलेंडर बुक करवाया था, लेकिन लगातार देरी होती रही। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिली, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

महिलाओं ने भी जताई नाराजगी
स्थानीय महिला सीमा ने भी अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि एक महीने से अधिक समय हो चुका है, लेकिन सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने एजेंसी के कर्मचारियों पर गलत व्यवहार करने के आरोप लगाए और कहा कि दफ्तर में ताला लगाकर लोगों की समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।

ब्लैक में महंगे दामों पर बिक्री के आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर ब्लैक में 3 हजार रुपए तक बेचे जा रहे हैं। उनका कहना है कि जो लोग मजबूरी में महंगे दाम देकर सिलेंडर खरीद रहे हैं, वे भी भारी आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो रही।

रोड जाम से बढ़ी परेशानी, नोकझोंक भी हुई
सड़क जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगह प्रदर्शनकारियों और वाहन चालकों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। कुछ वाहन चालकों ने धरने का विरोध भी किया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *