loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 33°C
Breaking News

जालंधर में नशे में चूर पूर्व डीएसपी की लापरवाही, मासूमों की जान पर बन आई

भारत इंफो : जालंधर के रेलवे कॉलोनी स्थित अकाउंट ऑफिस के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार सफेद ऑल्टो कार ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों के अनुसार कार चालक अत्यधिक नशे की हालत में था और खुद को पूर्व डीएसपी बताकर मौके पर मौजूद लोगों पर अपना प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहा था।

वीडियो में कैद हुआ आरोपी का व्यवहार
हादसे के तुरंत बाद ऑटो चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी का वीडियो बना लिया। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी व्यक्ति नशे में इस कदर धुत था कि वह ढंग से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और उसकी आवाज भी लड़खड़ा रही थी। जब स्थिति बिगड़ने लगी और स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ने लगा, तो आरोपी ने अपने बेटे को फोन कर मौके पर बुलाया, जिसने आकर स्थिति को संभाला और लोगों को शांत करने का प्रयास किया।

पुलिस की कार्रवाई और मेडिकल जांच
घटना के समय भाजपा जिला महामंत्री अमरजीत गोल्डी वहां से गुजर रहे थे, जिन्होंने अपनी आंखों से कार को गलत दिशा से आते देखा। सूचना मिलने पर थाना बारादरी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल भेज दिया है। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *